यदि आप लॉकडाउन के दौरान घर बैठे बोर हो गए हैं। तो हिमाचल के पहाड़ आपको प्रकृति के बीच घूमने का आनंद दे सकते हैं। हिमाचल सरकार ने पर्यटकों के लिए भी हिमाचल के द्वार खोल दिए हैं। अब कोई भी पर्यटक हिमाचल में आ सकता है। यहां आराम से घूम सकता है। पहले सरकार की तरफ से पांच दिन और उसके बाद दो दिन की होटल बुकिंग के साथ साथ कोरोना की रिपोर्ट अनिवार्य की गई थी। मगर अब 16 सितंबर से हिमाचल में पर्यटकों को ऐसी कोई बाध्यता नहीं होगी। इस बारे सरकार की जल्द अधिसूचना जारी होने वाली है। इसके बाद आपको हिमाचल आने जाने में कोई परेशानी नहीं होगी।
हिमाचल सरकार ने केंद्र सरकार की कोरोना को लेकर जारी गाइडलाइन्स के अनुसार कार्य शुरू कर दिया है। अब बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए कोई पंजीकरण या रिपोर्ट की जरूरत नहीं पड़ेगी। पर्यटकों को देखते हुए हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में होटल व अन्य एडवेंचर एक्टविटी भी शुरू हो गई है। बीड़-बिलिंग में 16 सितंबर से पैराग्लाइडिंग शुरू हो गई है। साथ ही ट्रैकिंग व कैपिंग का भी आप धर्मशाला, मनाली या बीड़ बिलिंग में आनंद ले सकते हैं। पर्यटन व्यवसायियों के लिए पर्यटन विभाग ने एसओपी जारी की है। इसके अनुसार ही उन्हें पर्यटकों के लिए व्यवस्था करनी होगी।
ऐसे में यदि आप हिमाचल घूमने का कार्यक्रम बना रहे हैं। तो आप यहां आ सकते हैं। लेकिन यहां आने के लिए आपको टैक्सी या अपनी गाड़ी में ही आना होगा। अभी हिमाचल सरकार ने बाहरी राज्यों से बस सेवा को शुरू नहीं किया है और न ही ट्रेन सेवा उपलब्ध है। अभी केवल बाहर से आने के लिए हवाई सेवा ही उपलब्ध है। इसमें दिल्ली से धर्मशाला एयरपोर्ट के लिए फ्लाइट आ रही है। यदि आप हिमाचल आ रहे हैं। तो इस दौरान शुरूआती दिनों में मुख्य पर्यटन स्थलों की ही सैर करें। क्योंकि अभी कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने खुद अपने गांवों में प्रवेश व होटल आदि बंद किए हुए हैं। ऐसे में हिमाचल आने से पहले अपनी होटल बुकिंग कंफर्म कर लें। ताकि आपको कोई परेशानी न हो।
मनाली के पर्यटन व्यवसाय से जुड़े रणवीर राणा बताते हैं कि हिमाचल की अर्थव्यस्था और अधिकतर लोगों का रोजगार पर्यटन से जुड़ा है। ऐसे में हिमाचल में अब पर्यटकों के लिए कोई बंदिश न होने से पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। कई लोगों को फिर से रोजगार होगा। मैक्लोडगंज भागसूनाग के होटल राजा पैलेस के एमडी विकास नैहरिया कहते हैं कि यहां के अधिकतर होटल पर्यटकों के लिए तैयार हैं। वहीं मनु एडवेंचर के एमडी मनु बताते हैं कि ट्रैकिंग के लिए बुकिंग आना शुरू हो गई है। काफी पर्यटक यहां आने की योजना बना रहे हैं।




No comments:
Post a Comment